प्रकाश झा की वेब सीरीज ‘आश्रम 4’ की शूटिंग इन दिनों राजस्थान में चल रही है। जयपुर के बाद अब दौसा में शूट चल रहा है। सीरीज में बाबा निराला का किरदार निभा रहे एक्टर बॉबी देओल दौसा की श्यालावास सेंट्रल जेल में शूटिंग करते नजर आए। जेल परिसर में शूटिंग के दौरान बॉबी देओल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसमें वे जेल के अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी अनुसार- प्रशासन की ओर से श्यालावास सेंट्रल जेल परिसर में 10 अक्टूबर 2026 तक शूटिंग की परमिशन दी गई है। इस दौरान जेल के अंदर और आस-पास की लोकेशन पर सीरीज के लिए अलग-अलग दृश्य फिल्माए जा रहे हैं। बॉबी देओल की एक झलक पाने उमड़ी भीड़ वहीं, बॉबी देओल के दौसा की श्यालावास जेल पहुंचने की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ इक्ट्‌ठा हो गई। बॉबी देओल कार से नीचे उतरे तो आस-पास मौजूद लोगों ने उन्हें आवाज लगाई। ‘बाबा निराला’ के नाम से लोकप्रिय हो चुके बॉबी देओल को अपने बीच देखकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोग जपनाम बोलते नजर आए। वीडियो में भी बॉबी देओल सुरक्षा घेरे के बीच जेल परिसर की ओर जाते नजर आ रहे हैं। सीरीज की शूटिंग को लेकर स्थानीय स्तर पर भी लोगों में लगातार उत्सुकता बनी हुई है। यहां देखिए शूटिंग से जुड़े PHOTOS जयपुर से दौसा पहुंची शूटिंग यूनिट ‘आश्रम 4’ के इस शूटिंग शेड्यूल के लिए बॉबी देओल सितंबर के आखिरी सप्ताह में जयपुर पहुंचे थे। इसके बाद से जयपुर और आस-पास के इलाकों में सीरीज की शूटिंग लगातार चल रही है। कूकस स्थित शिव विलास होटल और जयपुर के आसपास के अन्य रिसॉर्ट्स में भी सीरीज के कई दृश्य फिल्माए जा चुके हैं। अब कहानी की मांग के अनुसार वास्तविक जेल का माहौल दिखाने के लिए दौसा की श्यालावास सेंट्रल जेल को शूटिंग लोकेशन बनाया गया है। जेल के अंदर फिल्माए जा रहे दृश्यों में बॉबी देओल यानी बाबा निराला की मौजूदगी खास मानी जा रही है। बांसखोह किले में बनाया गया था फलहारी बाबा का आश्रम ‘आश्रम 4’ की शूटिंग इससे पहले भी जयपुर और आसपास की कई ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक लोकेशन पर हो चुकी है। बस्सी क्षेत्र के बांसखोह किले में भी सीरीज के लिए शूटिंग की गई थी। यहां कहानी की जरूरत के मुताबिक फलहारी बाबा का आश्रम तैयार किया गया था। इसके अलावा जयपुर की अलग-अलग लोकेशन पर भी लगातार शूटिंग चल रही है। सीरीज के लिए राजस्थान के ऐतिहासिक भवनों, किलों, रिसॉर्ट्स और ग्रामीण परिवेश का इस्तेमाल किया जा रहा है। 90 प्रतिशत से ज्यादा शूटिंग राजस्थान में ‘आश्रम 4’ के इस सीजन की सबसे खास बात यह भी है कि इसकी 90 प्रतिशत से अधिक शूटिंग राजस्थान में किए जाने की योजना है। कहानी के लिए राजस्थान के अलग-अलग शहरों और लोकेशन्स को चुना गया है। जयपुर जहां सीरीज की शूटिंग का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, वहीं अब दौसा भी इसके अहम शूटिंग स्थलों में शामिल हो गया है। ऐतिहासिक और प्राकृतिक लोकेशन्स के साथ वास्तविक जगहों को कहानी का हिस्सा बनाने से सीरीज के दृश्यों को अलग विजुअल ट्रीटमेंट मिलने की उम्मीद है। बॉबी देओल ‘आश्रम 4’ की शूटिंग के लिए सितंबर के आखिरी सप्ताह में जयपुर पहुंचे थे। इसके बाद वे लगातार राजस्थान में सीरीज के शूटिंग शेड्यूल का हिस्सा बने हुए हैं।