प्रसिद्ध टीवी धारावाहिक तारक मेहता का उल्टा चश्मा के डायरेक्टर आसित मोदी ने परिवार सहित राजसमंद के कांकरोली स्थित श्री पुष्टिमार्गीय तृतीय पीठ प्रन्यास के द्वारकाधीश मंदिर में प्रभु के शयन झांकी के दर्शन किए। मोदी ने शयन में आयोजित ‘सांझी’ मनोरथ के दर्शन किए। दर्शन के बाद उन्होंने शयन की सकड़ी महाप्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद मंदिर की ओर से मुख्य समाधानी राजकुमार गोरवा ने पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार आसित मोदी, उनकी पत्नी नीला मोदी, पुत्र इशांक मोदी और ट्विंकल मोदी का केसरिया उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया। सभी को ठाकुरजी के प्रसाद की टोकरी भी भेंट की गई। असित मोदी ने सीरियल की सफलता बरकरार रहने की भी प्रार्थना की। इस दौरान आसित मोदी ने अपने पिता के श्राद्ध के अवसर पर आश्विन कृष्ण पक्ष दशमी को धार्मिक मनोरथ भी करवाए। इनमें दिनभर का मनोरथ, गोशाला में सतुवा की बोरी, दाऊजी का हांडा तथा मथुराधीश छोटे मंदिर कांकरोली में दिनभर का मनोरथ शामिल रहा।