पंचायत समिति के प्रधानों की बुधवार को लॉटरी निकलने के बाद अब उदयपुर में 10 महिला प्रधान होंगी। इसमें सबसे बड़ा मुकाबला तीन सामान्य महिला के लिए जो पंचायत समितियां आरक्षित हुई हैं, वहां के लिए होगा। यही नहीं पंचायत समितियों में प्रधान बनने के सपने देखते हुए तैयारी पूरी कर चुके नेताओं को जैसे ही जब प्रधान का पद महिला के लिए आरक्षित होने का पता चला तो धक्का लगा। ऐसे में नेताओं ने अब पत्नियों को प्रधान बनाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। अपना प्लान बदलते हुए अब पत्नी को किस वार्ड से पंचायत समिति सदस्य लड़ाना है। इसकी गणित बनाने लगे हैं, ताकि उनको यहां से निकाल कर आगे प्रधान के मुकाबले में उतारा जा सके। भींडर, मावली और वल्लभनगर में होगा कड़ा मुकाबला उदयपुर में वल्लभनगर विधानसभा की भींडर और वल्लभनगर पंचायत समिति, मावली विधानसभा की मावली पंचायत समिति का प्रधान पद इस बार अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित हुआ है। यहां महिला प्रधान होंगी। अब यहां पर जो नेता प्रधान बनने की तैयारी करके बैठे थे। उन्होंने अब पत्नियों को चुनाव लड़ाने का गुणा-भाग लगाना शुरू कर दिया है। समझें पंचायत समिति वार गणित भींडर पंचायत समिति में कांग्रेस से चंद्रप्रकाश मेनारिया, भाजपा से अशोक जैन और पूर्व में स्वतंत्र लड़े कुबेर सिंह चांवड़ा की पूरी तैयारी थी। अब ये नेता अपने पत्नी को चुनाव लड़ा सकते हैं। वैसे कुबेर सिंह की पत्नी यशोधरा पहले प्रधान रह चुकी हैं। जनजाति मंत्री खराड़ी के घर में एसटी ओपन जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी की पंचायत समिति कोटड़ा लगती है। इस बार कोटड़ा पंचायत समिति एसटी ओपन के लिए आरक्षित हुई। इसी प्रकार उदयपुर ग्रामीण के विधायक फूलसिंह मीणा के विधानसभा क्षेत्र में गिर्वा और नाई पंचायत समिति आती है, जो टीएसपी क्षेत्र में होने से एसटी के लिए आरक्षित है। इस बार गिर्वा एसटी ओपन और नाई एसटी महिला के लिए आरक्षित हुई। बड़गांव पंचायत समिति हॉट हुई पूरे जिले में बड़गांव पंचायत समिति ही ऐसी है, जो अनारक्षित ओपन के नाम पर है। ऐसे में बड़गांव में प्रधान बनने के लिए भाजपा और कांग्रेस में दावेदारों की फौज होगी। सबसे पहले पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीतने के लिए जो अनारक्षित वार्ड है, वहां टिकट के लिए मारामारी होगी। ये पंचायत समिति गोगुंदा और मावली विधानसभा क्षेत्र में आती है, दोनों का भाग इसमें शामिल है। यह खबर भी पढ़ें... उदयपुर में एसटी के 15 प्रधान बनेंगे:1 सीट अनारक्षित ओपन रखी गई; जानिए कहां-किसकी सीट आई उदयपुर में बुधवार को जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति के प्रधानों और पंचायत समिति सदस्यों के वार्ड आरक्षण की लॉटरी निकाली गई। इनमें एसटी को सबसे ज्यादा 15 सीटें आरक्षित की गईं। इनमें 7 सीटें एसटी महिला के लिए रिजर्व रहेंगी। वहीं, एससी को सिर्फ 1 सीट मिली। महिलाओं के लिए कुल 10 सीटें रिजर्व हुई हैं। (पूरी खबर पढ़ें)