जयपुर में 23 अक्टूबर से सब-जूनियर और जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप शुरू होगी। 29 अक्टूबर तक चलने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 22 राज्यों से करीब 900 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के मुकाबले सवाई मानसिंह स्टेडियम के स्क्वैश कोर्ट्स के साथ जयपुर क्लब और मानसरोवर स्थित मॉडर्न स्कूल में भी खेले जाएंगे। खिलाड़ियों की अधिक संख्या और एंट्री देखते हुए इस बार तीन स्थानों पर मुकाबलों की व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने बताया- जयपुर को 8 साल बाद फिर इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। इससे पहले 2018 में भी यह चैंपियनशिप एसएमएस स्टेडियम में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में बॉयज और गर्ल्स के मुकाबले होंगे। तीन वेन्यू पर होंगे मुकाबले प्रतियोगिता की आयोजन सचिव और पूर्व अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश खिलाड़ी सुरभि मिश्रा ने बताया- देशभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी के चलते मुकाबलों के लिए तीन वेन्यू तय किए गए हैं। जयपुर क्लब के अध्यक्ष अजित सक्सेना ने बताया- 23 से 25 अक्टूबर तक क्वालीफाइंग राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद 26 अक्टूबर से मुख्य ड्रॉ के मुकाबले शुरू होंगे। मुख्य ड्रॉ में 16 खिलाड़ियों का मुकाबला होगा, जिसमें आठ खिलाड़ी क्वालीफाइंग राउंड से जगह बनाएंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन 23 अक्टूबर को एसएमएस स्टेडियम में खेलमंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ करेंगे। ये प्लेयर भी लेंगे हिस्सा इस चैंपियनशिप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर चुके देश के कई खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। इनमें वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता यूशा नफीस और पूरव रांबिया प्रमुख हैं। इनके अलावा अनिका दुबे, शिवेन अग्रवाल, लोकेश सुब्रमणि, दिव्यांशी जैन, शनाया परसरामपुरिया, अभ्युदय अरोड़ा और अमार्य बजाज भी प्रतियोगिता में चुनौती पेश करेंगे। इन खिलाड़ियों ने एशियन चैंपियनशिप में अपने-अपने आयु वर्ग में पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है।