पाली के बगड़ी नगर थाना क्षेत्र के रेतिया बेरा में करीब एक महीने पहले हुई लाखों रुपए की चोरी का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। चोर घर की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और संदूक में रखे करीब 14 तोला सोने और 2 किलो चांदी के गहनों समेत 80 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। चोरी हुए गहनों की बाजार कीमत करीब 28 लाख रुपए है। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। लेकिन एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी चोरों का पता नहीं चल पाया है। दरअसल, रेतिया बेरा निवासी धर्मेंद्र पुत्र भुंडाराम चौधरी के घर 16 जुलाई की रात चोरी हुई थी। परिवार के सदस्य मकान के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान चोर खिड़की तोड़कर कमरे में दाखिल हुए और वहां रखे संदूक को खंगालकर सोने-चांदी के गहने और 80 हजार रुपए कैश ले गए। घटना के बाद पीड़ित ने बगड़ी नगर थाने में मामला दर्ज कराया। इसके बाद वह पुलिस थाने के साथ ही एसपी ऑफिस तक अपनी फरियाद लेकर पहुंचा। पीड़ित का आरोप है कि वारदात को एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक न तो चोर पकड़े गए और न ही चोरी हुआ सामान बरामद हुआ है। ऐसे में परिवार को पुलिस कार्रवाई का इंतजार है और पीड़ित को बार-बार थाने के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। पुलिस बोली- जल्द पकड़ लेंगे आरोपी बगड़ी नगर थानाप्रभारी प्रहलाद सिंह का कहना है कि चोरी के संबंध में पुलिस को पुख्ता सबूत हैं। चोरों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। हालांकि एक महीने बाद भी खुलासा नहीं होने से पीड़ित परिवार में नाराजगी है। पीड़ित का कहना है कि मामले में पुलिस को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।