झुंझुनूं के बाकरा गांव में सिंचाई के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा बुधवार सुबह हुआ। युवक खेत में लगे कुएं की मोटर चालू करने गया था। करंट लगने से वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे बीडीके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार- बाकरा गांव निवासी महेश कुमार खीचड़ पुत्र हरिसिंह बुधवार सुबह करीब 7 बजे खेत में सिंचाई करने गया था। महेश कुएं पर लगी मोटर चालू करने गया था। बताया जा रहा है कि जैसे ही उसने मोटर का स्टार्टर चालू किया, अचानक तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि वह वहीं गिरकर अचेत हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में महेश को तुरंत जिला मुख्यालय स्थित बीडीके अस्पताल लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को बीडीके अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।