जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे-125 पर रामदेवरा से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में 25 से 30 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से करीब 6 को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया। हादसा सोमवार रात करीब 10 बजे बालेसर के पास तोलेसर में हुआ। पुलिस के अनुसार ओवरटेक करते समय किसी वाहन से टक्कर होने पर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। जोधपुर रेफर किया हादसे की जानकारी मिलते ही आगोलाई के युवा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस से घायलों को आगोलाई पीएचसी पहुंचाया। घायलों की संख्या ज्यादा होने के कारण अस्पताल में काफी भीड़ हो गई। शुरुआती इलाज के बाद गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर कर दिया गया। एमपी से दर्शन करने आए थे रामदेवरा आगोलाई चौकी प्रभारी एएसआई सहीराम विश्नोई अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी श्रद्धालु मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले हैं और रामदेवरा से दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे में कैलाश पुत्र जगन्नाथ, मिथुन पुत्र बजरंगीनाथ, द्रोपदी पत्नी रतनलाल, राजूबाई पत्नी रमेश और बनवारी पुत्र पर्वतराम सहित करीब 25-30 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को 7-8 एंबुलेंस से जोधपुर भेजा गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने और जोधपुर भेजने में अस्पताल स्टाफ और ग्रामीणों ने काफी मदद की। केंद्रीय मंत्री पहुंचे अस्पताल केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को सूचना मिलते ही वे रात एक बजे मथुरा दास माथुर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मिलकर उनका हालचाल जाना और अस्पताल के निदेशक डॉ. विकास राजपुरोहित से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मंत्री ने इलाज के सही इंतजाम करने के निर्देश दिए।