बालोतरा में किराए की फॉर्च्यूनर कार को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। जीपीएस की मदद से पीछा कर रहे गुजरात के कार मालिक और स्थानीय युवकों की गाड़ियों के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में तीन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान मंदिर से घर लौट रहे एक पुजारी भी गाड़ियों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित अराबा गांव में रविवार दोपहर की है। पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि गांव में तनाव को देखते हुए पचपदरा विधायक अरुण चौधरी मौके पर पहुंचे हैं। गुजरात से किराए पर ली थी फॉर्च्यूनर कल्याणपुर थानाधिकारी बाबूलाल बिश्नोई ने बताया- एक युवक गुजरात से फॉर्च्यूनर कार किराए पर लेकर आया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद भी जब उसने गाड़ी वापस नहीं लौटाई, तो गुजरात निवासी कार मालिक ने जीपीएस के जरिए गाड़ी की लोकेशन ट्रैक की। इसके बाद कार मालिक अपने 5-6 साथियों के साथ थार और ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर बालोतरा पहुंचा। भाड़ियावास में घेराबंदी और नाकाबंदी का भ्रम गुजरात से आए दल ने भाड़ियावास के पास फॉर्च्यूनर को घेरकर अपने कब्जे में ले लिया। खुद को घिरता देख फॉर्च्यूनर किराए पर लाए युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम और अपने परिचितों को फोन कर सूचना दी कि उसकी गाड़ी के साथ लूटपाट की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी करवा दी। अराबा में गाड़ियों की आमने-सामने भिड़ंत गुजरात के लोग फॉर्च्यूनर, थार और स्कॉर्पियो लेकर जोधपुर की ओर जाने लगे। अराबा गांव के पास उन्हें लगा कि स्थानीय लोग उनका पीछा कर रहे हैं। हमले की आशंका के चलते वे हड़बड़ाहट में अराबा गांव की संकरी गलियों में घुस गए। रास्ते की जानकारी न होने के कारण वे वहां फंस गए। तभी स्थानीय युवकों की स्कॉर्पियो और क्रेटा गाड़ियों ने उन्हें घेर लिया और थार गाड़ी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे का शिकार हुए मंदिर के पुजारी गाड़ियों के टकराने के समय अराबा स्थित माताजी मंदिर के पुजारी विकास दवे पूजा-अर्चना के बाद अपने घर लौट रहे थे। अचानक हुई भिड़ंत से घबराकर वे जान बचाने के लिए वापस मंदिर की सीढ़ियों की तरफ भागे। इसी दौरान सीढ़ियों पर उनका पैर फिसल गया और वे गिर पड़े। तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित गाड़ी उनके पैर के ऊपर से निकल गई, जिससे उनका पैर फ्रैक्चर हो गया और वे लहुलूहान हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें निजी वाहन से कल्याणपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जोधपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने मौके से करीब 5 लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि कुछ लोग भागने में सफल रहे। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। आक्रोशित ग्रामीण घायल पुजारी के संपूर्ण मुफ्त इलाज और आर्थिक मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। मामले की जानकारी मिलने पर पचपदरा विधायक अरुण चौधरी तुरंत अराबा गांव पहुंचे। वे ग्रामीणों से वार्ता कर समझाइश का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल, प्रशासनिक स्तर पर वार्ता जारी है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है।