​शहर के युवाओं को अपनी समृद्ध सनातन संस्कृति, संस्कारों और धर्म से जोड़ने के लिए बजरंग दल बांसवाड़ा की ओर से 'आओ मंदिर चलो' अभियान की शुरुआत की गई। गांधी मूर्ति चौराहा स्थित हनुमान मंदिर में शनिवार शाम को कार्यक्रम आयोजित किया गया। ​युवाओं ने की सामूहिक हनुमान चालीसा ​कार्यक्रम की शुरुआत भगवान हनुमान के चरणों में दीप प्रज्वलन और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में युवाओं ने एक स्वर में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। गूंजते हुए हनुमान चालीसा के पाठ से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा, जिससे आसपास का संपूर्ण वातावरण पूरी तरह ऊर्जावान और सनातनी रंग में रंग गया। सनातन से जोड़ने का संकल्प लिया ​कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के प्रमुख कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज का युवा वर्ग तेजी से पाश्चात्य संस्कृति की तरफ आकर्षित हो रहा है, जिससे वे अपने गौरवशाली इतिहास और संस्कारों से दूर होते जा रहे हैं। इसी दूरी को पाटने और युवाओं को उनकी जड़ों से जोड़ने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है, ताकि युवा पीढ़ी अपने धर्म और संस्कृति पर गर्व महसूस कर सके। ​इन पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी आयोजन को सफल बनाने में बजरंग दल के प्रमुख कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही। इनमे हर्षल भट्ट जिला संयोजक, मनोज पहलवान सह संयोजक, प्रतीक वाल्मीकि, पीयूष भोई, अंश, विकास सहित अन्य कई समर्पित कार्यकर्ताओं ने जिम्मेदारियां संभाली। हर शनिवार शहर के अलग-अलग मंदिरों में गूंजेगी चालीसा ​बजरंग दल के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि 'आओ मंदिर चलो अभियान' सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह निरंतर जारी रहने वाला एक महाअभियान है। इसके तहत अब आगामी हर शनिवार को शहर के अलग-अलग मंदिरों में इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।