बांसवाड़ा में जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर में पार्टी कार्यालय पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जमा हुए। जहां से आक्रोश रैली निकाली गई। यह रैली प्रमुख मार्गों से होती हुई अम्बेडकर सर्किल से कलेक्ट्रेट चौराहा पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ अपना कड़ा विरोध जताया। ​कलेक्ट्रेट गेट पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन किया गया। इस प्रदर्शन में पार्टी के कई बड़े नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। आयोग के स्तर पर उचित सुनवाई नहीं होने का आरोप वक्ताओं ने कड़े शब्दों में आरोप लगाया कि निष्पक्ष निर्वाचन और चुनाव प्रणाली से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार अपनी आवाज उठाती रही है, लेकिन आयोग के स्तर पर उचित सुनवाई नहीं हो रही है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की यह लड़ाई आगे भी पूरी ताकत के साथ जारी रहेगी। कांग्रेस नेता अब्दुल गफ्फार ने कहा- चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी का यह विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होती। हम जनता के अधिकारों पर आंच नहीं आने देंगे। ​प्रदर्शन के खत्म होने पर कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर गंभीर कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को ब्लॉक और जिला स्तर पर और अधिक तीव्र किया जाएगा। इस प्रदर्शन के दौरान पूर्व सभापति राजेश टेलर, सांसद प्रत्याशी रहे अरविंद सीता डामोर, कई स्थानीय पार्षद और बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित रहे।