​बांसवाड़ा नगर परिषद चुनाव के परिणामों से पहले सियासत गरमाई हुई है। चुनाव के बाद बाड़ेबंदी के तहत कुंभलगढ़ रिसॉर्ट भेजी गई कांग्रेस की महिला पार्षद उम्मीदवारों का एक नया वीडियो सामने आया है। रिसॉर्ट में ठहरी इन महिला पार्षद प्रत्याशी ने हरतालिका तीज का व्रत रखा और विधि-विधान के साथ पूजन किया। ​मिट्टी के शिवलिंग और महादेव-पार्वती का पूजन: सामने आए वीडियो में कांग्रेस की महिला पार्षद प्रत्याशी पारंपरिक रूप से मिट्टी के महादेव और पार्वती की प्रतिमाएं बनाती नजर आ रही हैं। इसके बाद 'ॐ नमः शिवाय-ॐ नमः शिवाय' के गूंजते मंत्रों के बीच महिलाओं ने हरतालिका तीज व्रत का पूजन किया। इससे पहले शनिवार को भी इन महिला पार्षदों का हाथों में मेहंदी लगाते हुए एक वीडियो सामने आया था। ​निजी लग्जरी बसों से भेजा गया था कुंभलगढ़: 9 सितंबर को बांसवाड़ा नगर परिषद चुनाव के तुरंत बाद 10 सितंबर को कांग्रेस अपने सभी पार्षद उम्मीदवारों को निजी लग्जरी बसों में बैठाकर सुरक्षित दूरी यानी कुंभलगढ़ के एक रिसॉर्ट में ठहराने के लिए ले गई थी। जहां सभी बाड़ेबंदी में रह रहे हैं। ​कल होगी मतगणना स्थानीय राजनीतिक हलकों के अनुसार, कल यानी सोमवार को चुनाव की मतगणना संपन्न होगी। मतगणना के बाद चुनाव हारने वाले उम्मीदवारों को सीधे घर वापस भेजा जाएगा, जबकि विजेता उम्मीदवारों को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर ठहराए जाने की पूरी संभावना जताई जा रही है। फिलहाल कुंभलगढ़ के रिसॉर्ट में ठहरी पार्षदों की यह धार्मिक पूजा-अर्चना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।