बांसवाड़ा में अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर गुरुवार को महात्मा गांधी अस्पताल के रामाश्रय वार्ड के बाहर बुजुर्गों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में चिकित्सा, अस्थि रोग, नाक-कान-गला, नेत्र रोग और फिजियोथैरेपी सहित विभिन्न स्पेशियलिटी के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सेवाएं दीं। अलग-अलग विभागों के विशेषज्ञों ने की जांच रामाश्रय योजना के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश कुमार चौधरी ने बताया - राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में बुजुर्गों के लिए व्यापक स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई थी। अलग-अलग विभागों के अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर में आने वाले सभी बुजुर्गों के लिए ब्लड प्रेशर (BP) और शुगर की जांच निःशुल्क की गई। उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए अलग-अलग विभागों की सेवाएं एक ही कैंप में उपलब्ध कराई गईं।