बांसवाड़ा में आगामी नगर निकाय चुनावों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। एसपी के निर्देशों की पालना में शहर में असामाजिक तत्वों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में राजतालाब थाना पुलिस ने शहर में विशेष नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। नाकाबंदी के दौरान राजतालाब थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना हेलमेट और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले कुल 9 वाहन चालकों की बाइकें जब्त कीं। इसके अलावा, नशे की हालत में गाड़ी चलाकर सड़क सुरक्षा को खतरे में डालने वाले एक अन्य चालक के खिलाफ भी एक्शन लेते हुए उसकी बाइक जब्त की गई। पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले चालकों में हड़कंप मच गया है। राजतालाब थाने के एएसआई भूलसिंह ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर शहर की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए ऐसे अभियानों के तहत असामाजिक तत्वों और लापरवाह चालकों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।