बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के पाटिया गांव में पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपनी 60 साल की मां पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका एक हाथ टूट गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन घायल महिला को पहले आनंदपुरी के अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बांसवाड़ा के महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है। पैसे नहीं देने पर मां पर किया हमला घायल महिला बाबरी के बड़े बेटे रोहन, निवासी पाटिया ने बताया- उसका छोटा भाई राजू शराब के नशे में था। उसने अपनी मां बाबरी पत्नी काला (60) से कुछ पैसे मांगे। मां के पैसे नहीं देने पर आरोपी ने अचानक लाठी से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों को आता देख मौके से भागा आरोपी घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। वृद्धा की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया। गंभीर हालत में एमजी अस्पताल रेफर घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल वृद्धा को आनंदपुरी के स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देर रात करीब पौने 12 बजे बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल वृद्धा अस्पताल के वार्ड में भर्ती है और उसका उपचार जारी है।