घर के बाहर खेल रही चार साल की मासूम बच्ची पर कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने मासूम के चेहरे को बुरी तरह नोचा और मासूम का गाल फाड़ दिया। गंभीर हालत में बच्ची को महात्मा गांधी जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां मासूम के गाल पर 9 टांके आए हैं। घटना सदर थाना क्षेत्र के विठ्ठलदेव गांव में रविवार शाम की है। ​जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के नागदा निवासी दिलीप का परिवार वर्तमान में काम के सिलसिले में विठ्ठलदेव गांव में रह रहा हैं। रविवार शाम को उनकी चार साल की बेटी अनिशा घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला। ​मासूम के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन घर से बाहर निकले और डंडा मारकर कुत्ते से मासूम को छुड़ाया। लेकिन तब तक कुत्ता मासूम के चेहरे सहित शरीर पर कई जगहों को नोच चुका था। हमले में मासूम का गाल भी फट चुका था। मां लहूलुहान हालत में बच्ची को निजी गाड़ी से तुरंत जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंची, जहां इमरजेंसी में इलाज शुरू किया गया। मेल नर्स राजेश निनामा ने बताया कि बच्ची के एक तरफ का गाल बुरी तरह कट चुका था, जिस पर करीब 9 टांके लगाए गए। फिलहाल बच्ची को सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर है। ये खबर भी पढ़िए… घर में सो रही मासूम को उठा ले गया कुत्ता:मां ने लाठी से वार कर छुड़ाया, बच्ची के सिर में 12 टांके आए पाली जिले में घर में सो रही दो साल की मासूम पर कुत्ते ने हमला कर दिया। बच्ची के सिर पर कई जगह काट लिया। मासूम को खींचकर बाहर ले जाने लगा। बेटी के रोने की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में काम कर रही मां दौड़कर आई और लाठी से कुत्ते पर कई वार किए, जिसके बाद कुत्ता मासूम को छोड़कर भागा। पूरी खबर पढ़िए