बांसवाड़ा शहर के मोहन कॉलोनी इलाके में जलदाय विभाग की पेयजल सप्लाई लाइन से आ रहे पानी में कीड़े निकलने का दावा किया जा रहा है। इससे जुड़ा एक वीडियो सामने आने पर लोगो में आक्रोश फैल गया। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि यह जलदाय विभाग की लापरवाही की हद है। इस मामले पर कनिष्ठ अभियंता नगर उपखंड आकिब जावेद ने कहा- हमें पानी की लाइन में कीड़े आने की शिकायत मिली है। शिकायत मिलते ही हमारी टीम ने तुरंत मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मुख्य पाइपलाइन में समस्या होने की बजाय किसी उपभोक्ता की सर्विस लाइन में लीकेज हो सकता है। लीकेज कहां है इसका पता सप्लाई शुरू होने पर लगेगा। जहां भी लीकेज होगा उसे ठीक कर देंगे। कागदी प्लांट पर नियमित बैकवॉश किया जा रहा है। साथ ही प्लांट पर साफ-सफाई का काम भी सुचारू रहता है। लोग बोले- दावे बड़े बड़े करते हैं मोहन कॉलोनी इलाके के लोगों का कहना है कि जलदाय विभाग के अधिकारी शहरवासियों को साफ और सुरक्षित पानी उपलब्ध करवाने के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत ने दावों की पोल खोल दी है। पहले भी शहर में कई बार पीने का गंदा पानी आया है। इसके बावजूद अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।