बांसवाड़ा जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। परिजनों का दावा है कि युवक से मारपीट की गई। इसके बाद उसकी एक आंख निकाल ली गई। जब युवक की मौत हो गई तो उसे सुनसान जगह पर बंद कमरे में फंदे से लटका दिया गया। मृतक के शरीर पर भी चोट के निशान मिले हैं। हालांकि पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे सुसाइड बताया है। घटना सदर थाना क्षेत्र के शिलाभित गांव में शुक्रवार को हुई। जानकारी के अनुसार, अर्जुन(19) पुत्र मोहन गुरुवार से घर से लापता था। शुक्रवार दोपहर उसका शव घर से कुछ दूरी पर बने एक कमरे में फंदे पर लटका मिला। अर्जुन के चाचा मंगला ने आरोप लगाया कि युवक की एक आंख निकाल ली गई थी और फंदे पर लटके होने के बावजूद उसके पैर जमीन को छू रहे थे। इन परिस्थितियों के आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों को प्रेम प्रसंग के चलते अर्जुन की हत्या किए जाने की आशंका है। सीआई रूपसिंह ने बताया कि मामले में अभी तक परिजनों की ओर से लिखित रिपोर्ट नहीं दी गई है। शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। सागवाड़िया में पेड़ से लटका मिला शव एक अन्य घटना में सागवाड़िया गांव निवासी डूंगर(40) पुत्र ज्योती का शव शुक्रवार सुबह घर के बाहर पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने शव देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले, जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। सदर थानाधिकारी रूपसिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक का प्रेम प्रसंग को लेकर गांव में कुछ विवाद चल रहा था। गुरुवार को उसके साथ मारपीट भी हुई थी, जिसके बाद वह घर लौट आया था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मर्ग दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। एसपी सुधीर जोशी ने कहा कि दोनों मामलों में रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।