बारां जिले के नागदा की झोपड़ियां में शनिवार देर रात एक मकान में आग लग गई। इस घटना में घर का सामान, कृषि यंत्र और भूसा जलकर राख हो गया। बरामदे में बंधे मवेशी भी झुलस गए। आग इतनी तेज थी कि बरामदे की 6 से ज्यादा पट्टियां टूट गईं। आधी रात को आग लगने से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। सूचना मिलने पर अंता नगर पालिका की दमकल मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी कोशिश के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक बरामदे में रखा सारा सामान जल चुका था। आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।