बारां के अटरू रोड स्थित सहकारी समिति पर खाद वितरण में अव्यवस्था से नाराज सैकड़ों किसानों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। किसानों का आरोप था कि टोकन होने के बावजूद उन्हें घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ा और समय पर खाद नहीं मिली। सुबह से ही समिति पर खाद लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान जमा थे। आक्रोशित किसानों के सड़क पर बैठने से अटरू रोड पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों तरफ लगी वाहनों की कतारें किसानों के चक्काजाम के कारण अटरू रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाकर जाम खुलवाया। हालांकि, पुलिस के जाते ही किसान दोबारा सड़क पर जमा होने लगे, जिससे स्थिति बिगड़ने की आशंका बढ़ गई। CI ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति स्थिति को देखते हुए कोतवाली सीआई हीरालाल पुनिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सहकारी समिति प्रबंधन को खाद वितरण की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। टोकनधारकों को लाइन से खाद बांटने के निर्देश सीआई पुनिया ने स्पष्ट किया कि समिति में कतार लगवाकर केवल टोकनधारक किसानों को ही व्यवस्थित तरीके से खाद वितरित की जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो। पुलिस के आश्वासन के बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात फिर से सुचारू हो गया।