बारां जिले में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार का शोर अब अंतिम पड़ाव पर है। सोमवार शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी सार्वजनिक सभा, रैली, जुलूस या लाउडस्पीकर से प्रचार नहीं कर सकेंगे। मंगलवार का दिन साइलेंट पीरियड के रूप में रहेगा और बुधवार 9 सितंबर को मतदान होगा। बारां जिले की तीन निकायों बारां नगर परिषद, अंता नगर पालिका और सीसवाली नगर पालिका में पहले चरण में मतदान होना है। तीनों निकायों के कुल 115 वार्डों में 419 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार सोमवार शाम 6 बजे के बाद से मतदान समाप्ति तक चुनावी सभाओं, रैलियों और लाउडस्पीकर से प्रचार पर पूरी तरह रोक रहेगी। इस दौरान प्रत्याशी केवल घर-घर जनसंपर्क कर सकेंगे। प्रचार थमने के बाद के 48 घंटे चुनावी दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। अंतिम समय में प्रत्याशी डोर-टू-डोर संपर्क में जुटे हैं। वहीं, राजनीतिक दलों ने कार्यकर्ताओं को मतदान वाले दिन की जिम्मेदारियां सौंपना शुरू कर दिया है। जिले में ड्राई डे घोषित बारां जिले में नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व और मतगणना के दिन जिले में सूखा दिवस घोषित किया है। प्रथम चरण के लिए 7 सितंबर शाम 6 बजे से 9 सितंबर शाम 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा। प्रथम चरण में बारां नगर परिषद, अंता और सीसवाली नगरपालिका में सूखा दिवस घोषित किया है। द्वितीय चरण के लिए 9 सितंबर शाम 6 बजे से 11 सितंबर शाम 6 बजे तक सूखा दिवस लागू रहेगा। द्वितीय चरण में अटरू, मांगरोल, छबड़ा नगरपालिका में चुनाव होने हैं। इसके अलावा 14 सितंबर को मतगणना के दिन पूरे दिन जिले में शराब की दुकानें बंद रहेंगी और सूखा दिवस घोषित किया गया है।