बारां जिले में ग्रामीण इलाकों के विकास के लिए वीबी-जीरामजी योजना के तहत कुल 1532 काम मंजूर किए गए हैं। इन कामों के लिए 108.71 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने बताया कि इन मंजूर कामों में ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, पर्यावरण और पशुधन से जुड़े काम शामिल हैं। योजना के तहत सबसे ज्यादा 435 अमृत पोषण वाटिका के काम 1181.01 लाख रुपए की लागत से मंजूर हुए हैं। हर ग्राम पंचायत में 2 पोषण वाटिकाएं बनाई जाएंगी, जिनकी देखरेख स्वयं सहायता समूह करेंगे। खेलों को बढ़ावा देने के लिए 231 में से 197 नए खेल मैदान बनाने के काम 1711.61 लाख रुपए से मंजूर किए गए हैं। इनमें बास्केटबॉल कोर्ट, क्रिकेट ग्राउंड, रनिंग ट्रैक और समतलीकरण शामिल है। 34 काम पहले ही मंजूर हो चुके हैं। इसके अलावा, 255 वृक्षकुंज के लिए 1151.92 लाख रुपए, 273 इंटरलॉकिंग खरंजा और नाली बनाने के लिए 3990.02 लाख रुपए, 323 तालाबों की मरम्मत और खुदाई के लिए 1841.60 लाख रुपए और 10 ग्रेवल सड़क के लिए 149.76 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। पहले चरण में 3 नमो नर्सरी 96.11 लाख रुपए, 9 अमृत ग्रामीण हाट 165.01 लाख रुपए, 7 ग्रामीण पुस्तकालय (अटल ज्ञान केंद्र) 79.72 लाख रुपए, 10 अमृत संजीवनी पार्क 166.90 लाख रुपए और 10 कांजी हाउस (पशु आश्रय स्थल) 331.26 लाख रुपए से बनाए जाएंगे। साथ ही, 231 स्कूल शौचालय की मरम्मत/निर्माण, 163 आंगनबाड़ी भवन और शौचालय की मरम्मत और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना से जोड़कर 20 स्कूल मरम्मत के काम 355 लाख रुपये से मंजूर किए जाएंगे।