जयपुर में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- जहां घटना हुई, कांग्रेस को वहां प्रदर्शन करना चाहिए। यहां प्रदर्शन करके हमारा त्योहार खराब कर रहे हैं। दिल्ली में एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला से हाल ही मारपीट केस में जयपुर कमिश्नरेट में कांग्रेस के प्रदर्शन पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने मंगलवार को प्रदेश बीजेपी कार्यालय पर मीडिया से यह कहा। उन्होंने कहा कि मुझे राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं की बुद्धि पर आश्चर्य होता है। जहां घटना होती है, एफआईआर वहीं दर्ज होती हैं। वहीं अगर किसी कारण से थानाधिकारी और पुलिस के उच्चाधिकारी एफआईआर दर्ज नहीं कर रहे हैं तो एफआईआर दर्ज करने के बहुत विकल्प हैं। राठौड़ ने कहा- इस्तगासे के जरिए कोर्ट से थाने में मामला भिजवाया जा सकता है। कानून है, अब यह तो उनको पता होना चाहिए। नहीं समझते हैं तो उनको बुद्धि मैं क्या दूं। राजस्थान में क्यूं अव्यवस्था पैदा करना चाहते हैं। सुर्खियां बटोरने के लिए नाटक कर रहे मदन राठौड़ ने कहा- ऊपर से निर्देश हुआ और नीचे वाले ने तुरंत बिना विवेक का उपयोग किए नाटक शुरू कर दिया। इन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। ये लोग केवल सुर्खियां बटरोने के लिए नौटंकी कर रहे हैं। राजस्थान को परेशान करना चाहते हैं। जहां घटना हुई, वहां एफआईआर दर्ज होगी। इसकी प्रक्रिया तय है। यहां हमारा त्योहार खराब कर रहे हैं। यह ठीक बात नहीं हैं। कांग्रेस नेता एफआईआर की मांग पर अड़े दरअसल, दिल्ली में NSUI की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला से मारपीट-अभद्रता मामले में कांग्रेस नेता जयपुर में जीरो FIR की मांग पर अड़े हैं। दिल्ली के पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होने से नाराज कांग्रेस नेता सोमवार शाम से कमिश्नरेट में धरने पर बैठे हैं। वहीं कमिश्नरेट के बाहर भी मंगलवार को कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन और नारेबाजी की। इस दौरान उनकी पुलिस से धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ा। पुलिस ने कहा- दिल्ली में दर्ज हुआ केस जयपुर पुलिस ने FIR करने से इनकार कर दिया। एडिशनल कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर अजय सिंह ने कहा- दिल्ली में 13 अक्टूबर के घटनाक्रम को लेकर कनॉट प्लेस थाने में केस दर्ज हुआ। रितु की शिकायत भी उसमें शामिल कर जांच की जा रही है। वहीं पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- पुलिस दिखाए, दिल्ली में कौनसी FIR दर्ज है। इससे पहले डोटासरा सहित अन्य नेता सोमवार रात को कमिश्नरेट में जमीन पर सोए थे। इसके बाद मंगलवार को धरनास्थल पर ही चाय-नाश्ता किया। दरअसल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने डोटासरा को फोन करके मामले में जयपुर में FIR दर्ज करवाने को कहा था। डोटासरा सोमवार शाम 6:15 बजे कमिश्नरेट पहुंचे थे।