बारां में बिगड़ी व्यवस्थाओं और डोल मेले की अव्यवस्था पर कांग्रेस पार्षदों ने विरोध किया। कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज के नेतृत्व में पार्षदों ने नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा, इंजीनियर और सफाई निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने मेले में फैली अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। झूले-चकरी बंद रहने से हजारों श्रद्धालु निराश लौटे, जिससे नगर परिषद की छवि खराब हुई। पार्षदों ने आरोप लगाया कि नए बोर्ड से जुड़े लोग मेले में कमीशनखोरी और मुफ्तखोरी कर रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच, दोषियों पर कार्रवाई और मेले संचालन में पारदर्शिता की मांग की। पार्षदों ने शहर की बुनियादी समस्याओं को भी उठाया। इनमें कचरा उठाना, नालियों की सफाई, पानी भरने की समस्या, फॉगिंग, बंद स्ट्रीट लाइटें, सड़कों के गड्ढे और सार्वजनिक पानी व शौचालयों की सफाई शामिल है। आयुक्त अशोक शर्मा ने सभी समस्याओं के समय पर समाधान का भरोसा दिया।