बारां जिले में रबी सीजन से पहले किसानों के लिए खाद की कमी खत्म हो गई है। राजेश विजय, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार ने बताया कि जिले में अभी 11298 टन यूरिया, 3190 टन डीएपी, 777 टन एमओपी, 8217 टन एनपीके और 11183 टन सिंगल सुपर फास्फेट सहकारी व निजी दुकानों पर उपलब्ध है। गुरुवार को इफको ने बारां रैंक पॉइंट पर 1670 टन डीएपी खाद भेजा, जो सहकारी समितियों से बंट रहा है। अगले दो-तीन दिनों में इफको 1500 टन डीएपी और भेजेगा। आईपीएल ने 1600 टन यूरिया भेजा है, इफको भी जल्द करीब 2000 टन यूरिया भेजेगा। किसानों को आधार कार्ड व जमाबंदी दिखाने पर बिना टैगिंग के अधिकतम 5 बैग डीएपी और 10 बैग यूरिया मिलेगा। संयुक्त निदेशक ने किसानों से अपील की कि इलाके में पर्याप्त खाद है। जरूरत के हिसाब से ही स्थानीय सहकारी संस्थाओं से खाद खरीदें, अग्रिम भंडारण नहीं करें।