बारां में गणेश स्थापना और ध्वजारोहण के साथ जिले के ऐतिहासिक डोल मेले का मंगलवार को शुभारंभ हो गया। मेला कैंप स्थित रंगमंच पर शुभ मुहूर्त में अतिथियों ने भगवान गणेश की स्थापना कर ध्वजारोहण किया। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने फीता काटकर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि डोल मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत और पहचान का प्रतीक है। कलेक्टर असावा ने बताया कि यहां दूसरे प्रदेशों से व्यापारी और दूर-दराज से लोग आते हैं। नगर परिषद ने हर वर्ग की सुविधा और मनोरंजन को ध्यान में रखकर व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने आमजन से मेले को अपना आयोजन मानकर सहयोग की अपील की। समारोह में एसपी अभिषेक अंदाशु, एडीएम भंवरलाल, नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा, नोडल अधिकारी रामबाबू और मेला प्रभारी विजय कुमार गालव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अतिथियों का साफा व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। मेले में सुरक्षा से लेकर चिकित्सा तक के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।