बारां नगर परिषद में कचरा उठाने वाले वाल्मीकि समाज के टिपर ड्राइवरों को हटाने का मामला गरमा गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हंसराज मीणा और नगर अध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि करीब 15 साल से काम कर रहे अनुभवी ड्राइवरों को अचानक हटाया गया है। इसे राजनीतिक द्वेष और भेदभाव बताया गया है। ठेका कर्मचारियों का 6 महीने का पीएफ और एक महीने का वेतन भी बकाया है। न्याय की मांग को लेकर पीड़ित कर्मचारी 4 दिन से भूख हड़ताल पर हैं, जिससे उनकी सेहत खराब हो रही है। कांग्रेस ने प्रशासनिक जांच, ड्राइवरों की वापसी, बकाया पीएफ-वेतन भुगतान, हड़ताली कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण और नगर परिषद, ठेकेदार व कर्मचारियों की संयुक्त बैठक से स्थायी समाधान की मांग की है।