बारां जिले में नगर निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी समर्थित थर्ड फ्रंट को मिली जीत के बाद अब पंचायतीराज चुनाव में भी उतरने का ऐलान किया गया है। थर्ड फ्रंट के नेताओं ने जिला परिषद और पंचायत समिति की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है। थर्ड फ्रंट के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधान रामहेत मीणा ने बताया कि उनका संगठन अब सिर्फ नगर निकाय तक सीमित नहीं रहेगा। वे बारां जिले की सभी जिला परिषद और पंचायत समिति सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे और मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। राजनीतिक हलचल तेज हुई इसी बीच, टोंक के चर्चित एसडीएम थप्पड़ कांड मामले में आरोपी नरेश मीणा के जेल से रिहा होते ही बारां में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नरेश मीणा की रिहाई और थर्ड फ्रंट का पंचायतीराज चुनाव में उतरने का ऐलान, इसे महज एक संयोग नहीं माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, यह बारां में एक बड़े राजनीतिक बदलाव की शुरुआत हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, नरेश मीणा की रिहाई के बाद थर्ड फ्रंट को एक बड़ा चेहरा और जन समर्थन मिलने की उम्मीद है। थर्ड फ्रंट के नेता लंबे समय से बारां-कोटा इलाके में कांग्रेस और भाजपा के विकल्प के तौर पर खुद को पेश कर रहे हैं। नगर निकाय में मिली जीत ने उनके हौसले को और बढ़ा दिया है। पूर्व प्रधान रामहेत मीणा ने कहा कि जनता भाजपा और कांग्रेस के 'कुशासन' से परेशान है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय में जनता ने उन्हें समर्थन दिया है। अब पंचायतीराज चुनाव में भी वे हर गांव और ढाणी तक पहुंचेंगे, और युवाओं व किसानों की आवाज बनेंगे।