बारां जिले में पंचायती राज चुनाव की तैयारियां तेज हैं। परिसीमन और आरक्षण लॉटरी के बाद अब चुनाव कार्यक्रम का इंतजार है। इस बार 10 पंचायत समितियों में प्रधान, 280 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 2542 वार्ड पंचों के लिए चुनाव होंगे। नए परिसीमन में नाहरगढ़ और केलवाड़ा 2 नई पंचायत समितियां बनीं। पहले 8 पंचायत समितियां और 231 ग्राम पंचायतें थीं। अब ग्राम पंचायतों की संख्या बढ़कर 280 हो गई है। जिला परिषद के वार्ड भी 29 हो गए। 7 लाख से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट इन चुनावों में 7 लाख 99 हजार 850 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 4 लाख 9 हजार 376 पुरुष, 3 लाख 90 हजार 472 महिला और 2 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। कुल 886 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। ग्राम पंचायतों की संख्या में छीपाबड़ौद में सबसे ज्यादा 38, छबड़ा में 35 और अटरू में 34 हैं। मांगरोल में सबसे कम 18 ग्राम पंचायतें हैं। मतदाताओं में छीपाबड़ौद (1.41 लाख) सबसे आगे, नाहरगढ़ (50,109) सबसे पीछे है।