देशभर में SIR को लेकर प्रदर्शन के बीच BJP ने दावा किया है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी वियतनाम गए हैं। पार्टी ने फ्लाइट के अंदर का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया है। वीडियो में एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है, जिसे BJP ने राहुल गांधी बताया है। पार्टी ने कैप्शन में लिखा- ‘झूठ फैलाते-फैलाते थक गया। कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं, किसी को क्या ही पता चलेगा।’ हालांकि, वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान और विमान के वियतनाम जाने की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। कांग्रेस ने BJP पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल के विदेश जाने को मुद्दा क्यों बनाया जा रहा है, जबकि दूसरे लोग भी विदेश यात्राएं करते हैं। BJP बोली- राजनीतिक काम का दबाव नहीं सह पाते राहुल BJP प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि राहुल पहले भी ऐसा पहले भी करते रहे हैं। बिहार में यात्रा के बाद भी राहुल गांधी वियतनाम यात्रा पर गए थे। संभव है कि इस बार भी वहीं गए हों। वहीं BJP नेता शाजिया इल्मी ने कहा- राहुल राजनीतिक काम का दबाव नहीं सह पाते और कुछ समय बाद छुट्टी पर चले जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी दो हफ्ते भी काम नहीं कर पाए और फिर विदेश चले गए। कांग्रेस बोली- राहुल छात्रों और बुद्धिजीवियों से मिलते हैं कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने BJP के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी कहां जाते हैं और कब यात्रा करते हैं, इसे मुद्दा क्यों बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरे लोग भी विदेश जाते हैं। संदीप ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं का बचाव करते हुए कहा कि वे येल यूनिवर्सिटी और लंदन में छात्रों से बातचीत करते हैं। वहां बुद्धिजीवियों से मिलते हैं और प्रेस को इंटरव्यू भी देते हैं। संदीप दीक्षित ने पीएम नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान विदेश न जाने की परंपरा प्रधानमंत्री ने भी तोड़ी है, लेकिन उस समय सवाल क्यों नहीं उठाए जाते। SIR को लेकर जारी है राजनीतिक टकराव राहुल गांधी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर चुके हैं। उन्होंने हाल के दिनों में विरोध-प्रदर्शन भी किए। 12 अक्टूबर को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और INDIA ब्लॉक के नेताओं ने दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च निकाला। इसके बाद याचिका भी दाखिल की। याचिका में रिटायर्ड सुप्रीम कोर्ट जज की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र समिति बनाने की मांग की गई है। कहा गया है कि यह समिति तय समय के भीतर SIR के दौरान वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों और किए गए बदलावों का स्वतंत्र ऑडिट करे। राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर पहले भी उठे सवाल 1. फरवरी-अप्रैल 2015: बजट सत्र के दौरान करीब 56 दिन की छुट्टी राहुल गांधी फरवरी 2015 में संसद के बजट सत्र की शुरुआत के समय छुट्टी पर चले गए थे। वे 16 अप्रैल को लौटे। उस समय कांग्रेस को 2014 के लोकसभा चुनाव और दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। 2. सितंबर 2015: बिहार चुनाव से पहले अमेरिका गए सितंबर 2015 में राहुल गांधी अमेरिका के एस्पेन में एक सम्मेलन में शामिल होने गए थे। BJP ने आरोप लगाया कि उन्हें बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार से दूर रखने के लिए विदेश भेजा गया है। कांग्रेस ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा था कि राहुल चुनाव अभियान का नेतृत्व जारी रखेंगे। 3. दिसंबर 2024: मनमोहन सिंह के निधन के बाद वियतनाम यात्रा पर विवाद पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर 2024 को निधन हुआ था। 30 दिसंबर को BJP ने आरोप लगाया कि राहुल शोक के दौरान नए साल का जश्न मनाने वियतनाम चले गए। 4. मार्च 2025: होली के दौरान वियतनाम जाने के दावे पर BJP का सवाल BJP नेता रविशंकर प्रसाद ने दावा किया कि राहुल गांधी होली के दौरान वियतनाम में थे। उन्होंने कहा कि राहुल नए साल पर भी वियतनाम गए थे और वहां करीब 22 दिन बिताने की जानकारी मिली है। कांग्रेस ने कहा कि राहुल वियतनाम के आर्थिक मॉडल का अध्ययन करने जाते हैं। 5. दिसंबर 2025: संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान जर्मनी दौरा राहुल गांधी के 15 से 20 दिसंबर 2025 तक जर्मनी जाने के कार्यक्रम पर BJP ने सवाल उठाए। उन्हें बर्लिन में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होना था। BJP ने कहा कि संसद का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर तक चलना था, इसलिए विपक्ष के नेता को उस दौरान देश में रहना चाहिए। प्रियंका गांधी वाड्रा ने राहुल का बचाव करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का जिक्र किया। 6. 12 जनवरी 2026: वियतनाम दौरे पर BJP ने कहा- ‘लीडर ऑफ पार्टीइंग एंड टूरिज्म’ राहुल गांधी इस साल जनवरी में भी वियतनाम गए थे। एक भारतीय ट्रैवल व्लॉगर ने वियतनाम के एयरपोर्ट पर राहुल गांधी से मुलाकात होने का दावा किया और उनके साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। BJP ने तंज कसते हुए उन्हें ‘लीडर ऑफ द अपोजिशन’ के बजाय ‘लीडर ऑफ पार्टीइंग एंड टूरिज्म’ कहा। 6. मार्च 2026: अमित शाह ने संसद में विदेश यात्राओं का जिक्र किया मार्च 2026 में लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी की संसदीय उपस्थिति और बहसों में भागीदारी पर सवाल उठाए। शाह ने कहा कि राहुल गांधी 2017 के शीतकालीन सत्र के दौरान जर्मनी, 2025 के बजट सत्र के दौरान वियतनाम और 2023 के बजट सत्र के दौरान ब्रिटेन में थे। उन्होंने 2018 के बजट सत्र में राहुल के सिंगापुर और मलेशिया जाने का भी जिक्र किया। शाह ने यह भी कहा कि 2014, 2015, 2017 और 2018 में राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा में हिस्सा नहीं लिया था और न ही बजट या किसी विधेयक पर हुई बहस में भाषण दिया था। ये बातें शाह ने संसद में अपने बयान के दौरान कहीं। ----------------------- यह खबर भी पढ़ें… भागवत बोले- भारत में बांग्लादेश-फ्रांस जैसे हालात बनाने की कोशिश:सत्ता बदलकर अपने पिट्ठू बैठाना चाहते हैं, कुछ नेता देश तोड़ने में मदद कर रहे RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि भारत में भी बांग्लादेश और फ्रांस जैसे हालात बनाने की कोशिश हो रही है। दुनिया में ऐसी शक्तियां हैं, जो भारत को दबाना चाहती हैं। उनका मकसद सत्ता परिवर्तन कर हालात सुधारना नहीं, बल्कि अपने पिट्ठू बैठाना है। भागवत मंगलवार को नागपुर संघ मुख्यालय में आयोजित विजयादशमी उत्सव में बोल रहे थे। पूरी खबर पढ़ें…