बारां में अवैध खनन के खिलाफ सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। इस दौरान 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए और 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई एसपी अभिषेक अंदासु के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई। बुधवार देर शाम सदर थाना टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। जानकारी मिली कि घीसरी तिराहे की तरफ से अवैध बजरी लाई जा रही है। इस सूचना पर पुलिस टीम रात में मौके पर पहुंची। मौके पर बजरी से भरे 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली मिले। एक चालक ने अपना नाम राहुल बताया, जो रमेश का बेटा और प्रेमपुरा, थाना किशनगंज का रहने वाला है। दूसरे ट्रैक्टर के चालक ने अपना नाम कुलदीप बताया, जो भागचंद का बेटा और नयागांव, थाना किशनगंज का निवासी है। पूछताछ में दोनों ड्राइवर बजरी परिवहन से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया। इसकी जानकारी खनिज विभाग बारां को भी दी गई। इस मामले में एमएमडीआर एक्ट के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन करने वालों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।