बारां विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए 5.51 करोड़ रुपए की लागत से 4 नई सड़कें बनाई जाएंगी। कृषि विपणन विभाग जयपुर और मंडी कमेटी ने इन निर्माण कार्यों के लिए कुल 551.05 लाख रुपए की राशि मंजूर की है। इन सड़कों की कुल लंबाई करीब 9.5 किलोमीटर होगी। सड़कें बनने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के साथ किसानों को भी अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। चार सड़कों पर खर्च होंगे 551.05 लाख स्वीकृत कार्यों में बटावदा से हरिपुरा सामुदायिक भवन तक 3 किलोमीटर सड़क का निर्माण शामिल है। इस पर 163.95 लाख रुपए खर्च होंगे। वहीं भडसूई देवनारायण मंदिर से नहर की पुलिया होते हुए फतेहपुर रोड तक 1.6 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी, जिस पर 92.50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा कलमंडा से आड़ी गेल भैरुजी, दौलतपुरा होते हुए दुर्जनपुर रोड तक 3 किलोमीटर सड़क बनेगी। इस कार्य के लिए 190.30 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। पाठेड़ा से केदाहेड़ी तक 1.9 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 104.55 लाख रुपए खर्च होंगे। किसानों को मंडी तक पहुंचने में मिलेगी राहत इन सड़क निर्माण कार्यों से गांवों की मुख्य सड़कों और आवागमन मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। खासतौर पर किसानों को खेतों से उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों के दैनिक आवागमन के साथ कृषि गतिविधियों को भी इसका सीधा लाभ मिलने की बात कही गई है। सड़क, बिजली और पानी प्राथमिकता : विधायक विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सांसद दुष्यंत सिंह और कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा का धन्यवाद किया।