बारां में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से ‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान आज से शुरू हो गया है। 3 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत लोगों को सुरक्षित, पौष्टिक और स्वस्थ भोजन के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का मुख्य संदेश ‘सुरक्षित खाएं, स्वस्थ रहें, स्थानीय खाएं, मिलावट को हराएं’ रखा गया है। अलग-अलग थीम पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम अभियान प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ और खाद्य सुरक्षा व औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर चलाया जा रहा है। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा और सीएमएचओ बारां के सहयोग से खाद्य सुरक्षा अधिकारी विभिन्न गतिविधियां आयोजित करेंगे। स्कूलों में स्वस्थ टिफिन से होगी शुरुआत 3 से 5 अक्टूबर तक ‘स्कूल ईट राइट डे’ के तहत स्कूली बच्चों को स्वस्थ टिफिन और सही खान-पान के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके बाद 6-7 अक्टूबर को ‘मिलावट पहचानो’ कार्यक्रम के जरिए खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। हेल्दी थाली से लेकर लेबल पढ़ने तक 8-9 अक्टूबर को ‘हेल्दी थाली डे’ मनाया जाएगा। 11-12 अक्टूबर को ‘रीड द लेबल’ के तहत पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय लेबल पढ़ने और उसमें दी गई जानकारी समझने के लिए प्रेरित किया जाएगा। 13-14 अक्टूबर को ‘ईट राइट कैंपस’ तथा 15-16 अक्टूबर को ‘फूड वेस्ट-सेव फूड डे’ के तहत भोजन की बर्बादी रोकने का संदेश दिया जाएगा। श्रीअन्न और संतुलित जीवनशैली पर जोर अभियान के दौरान स्वस्थ टिफिन, श्रीअन्न (मोटा अनाज), कम नमक-चीनी-तेल के इस्तेमाल, खाद्य पदार्थों के लेबल पढ़ने, योग और संतुलित जीवनशैली को लेकर जागरूकता गतिविधियां होंगी। लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ भी दिलाई जाएगी।