बारां में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सोरसन के पीएमश्री महात्मा गांधी स्कूल में एक कार्यक्रम हुआ। यह कार्यक्रम जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर बालमुकुंद असावा और सीईओ राजीव तोमर के निर्देश पर आयोजित किया गया था। इसमें निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में स्वीप कार्यक्रम हुआ। विद्यार्थियों ने वोट की आकृति में मानव श्रंखला बनाई और लोकतंत्र में मतदान के महत्व का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों के जरिए मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। भार्गव ने कहा कि मतदान सिर्फ हमारा अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि मतदान का दिन लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण दिन होता है। उन्होंने सभी से बिना किसी डर, दबाव या लालच के अपने विवेक से वोट डालने की अपील की। साथ ही अपने परिवार, पड़ोसियों और परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने को कहा। कार्यक्रम में निर्वाचन से जुड़ी महत्वपूर्ण एप्लीकेशन जैसे ईसीआई नेट, सी-विजिल और केवाईसी के बारे में जानकारी दी गई। इनके जरिए निर्वाचन संबंधी कामों और सुविधाओं का उपयोग कैसे करें, यह भी बताया गया। इस दौरान एक मतदाता जागरूकता पोस्टर प्रतियोगिता भी हुई। इसमें भारती राठौर ने पहला, चंचल पारेता ने दूसरा और गरिमा राठौर ने तीसरा स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मुकेश मीणा, ईएलसी प्रभारी दिलीप कुमार मीणा, ईएलसी सहप्रभारी और व्याख्याता गिरिराज पंकज, नितेश कुमार मीणा, दिनेश मालव, कपिल मालव, वरिष्ठ अध्यापक सीमा, रानी राजपूत, स्वीप दल के सदस्य और कई विद्यार्थी मौजूद रहे। दिव्यांगजनों ने ट्राईसाइकिल रैली से दिया मतदान का संदेश नगर निकाय आम चुनाव-2026 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए अंता नगर पालिका में मंगलवार को दिव्यांगजनों के लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर बालमुकुंद असावा और जिला परिषद सीईओ व स्वीप नोडल अधिकारी राजीव तोमर के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसकी थीम 'हम भी होंगे भागीदार' रखी गई थी। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी दयावती सैनी ने दिव्यांगजनों की ट्राईसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने सभी मतदाताओं से 9 सितंबर को बिना किसी डर के मतदान करने की अपील की। विकास अधिकारी राधेश्याम भील ने दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। स्वीप सह प्रभारी अमित भार्गव ने चुनाव से जुड़े ऑनलाइन एप्लीकेशन के बारे में बताया। उन्होंने सक्षम ऐप से मतदान के दिन दिव्यांगजनों के लिए पिकअप-ड्रॉप, वॉलंटियर और व्हीलचेयर जैसी सुविधाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया समझाई। साथ ही केवाईसी ऐप से उम्मीदवारों की जानकारी लेने का तरीका भी बताया। ट्राईसाइकिल रैली के दौरान दिव्यांगजन हाथों में मतदान जागरूकता की तख्तियां लिए हुए थे। वे "हम भी पीछे नहीं रहेंगे, मत देकर सरकार चुनेंगे" और "नौ सितंबर नोट करें, निर्भय होकर वोट करें" जैसे नारे लगा रहे थे। रैली कोटा रोड मुख्य मार्ग से सीएडी तिराहे तक पहुंची। वहां मानव श्रृंखला बनाकर आम लोगों को 9 सितंबर को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।