बाड़मेर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट के आगे जुटकर जमकर नारेबाजी की। वहीं निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने चुनाव में वोट चोरी की। साथ ही भाजपा पर निकाय चुनाव में गड़बड़ करने के आरोप लगाए। सांसद उमेदाराम बेनीवाल ने कहा- सरकार चुनाव आयोग का गलत उपयोग कर वोट चोरी का कर रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते तब तक कांग्रेस सड़कों पर उतरकर संघर्ष करती रहेगी। सांसद बोले- बीजेपी के इशारे पर वोट चोरी सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा- बीजेपी के इशारे पर वोट चोरी का खेल पूरे देश में चल रहा है। इसका निर्वाचन विभाग के कुछ अधिकारियों की ओर से खुलासा किया गया। अधिकारियों का कहना है कि हमें वोटों में धांधली करने के लिए मजबूर किया गया। एसआईआर में नाम जोड़ने और काटने के दौरान बड़े लेवल से पूरे देश में वोट चोरी की जा रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा उठाया था। तब इस बात को हल्के में लिया गया। अब अलग-अलग न्यूज रिपोर्ट्स ने भी खुलासा कर दिया है। भारत में आम मतदाताओं को अपने मतदान से वंचित रखा जा रहा है। इसके खिलाफ कल और आज पूरे देश में जिला कांग्रेस की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया है। निर्वाचन आयुक्त का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया गया है। जिलाध्यक्ष बोले- पंचायत चुनाव मजबूती से लड़ेंगे कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण गोदारा ने कहा- कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करें और आने वाले दिनों में भाजपा सरकार को केंद्र और राज्य से हटाकर ही दम लें। आने वाले पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूरे जिले में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और पंचायतीराज चुनाव जीतेगी। कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी और जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते तब तक यह लड़ाई इसी तरह आगे जारी रहेगी। कांग्रेस जिला कमेटी के आह्वान पर बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में एक सभा का आयोजन किया गया। वहां से कांग्रेसी पैदल ही जिला कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। इस दौरान इनके हाथों में तख्तियां थी। साथ चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट गेट के आगे चुनाव आयुक्त का पुतला जलाया गया। प्रदर्शन के दौरान बाड़मेर जैसलमेर बालोतरा सांसद उमेदाराम बेनीवाल, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा, पूर्व विधायक पदमाराम मेघवाल, पूर्व राज्यमंत्री गफूर अहमद, निवर्तमान जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष फतेह खान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हाजी शेर मोहम्मद, पीसीसी सचिव आजाद सिंह राठौड़, पीसीसी सदस्य ठाकराराम माली, रिडमल सिंह दांता के नेतृत्व में पैदल मार्च एवं विरोध प्रदर्शन कर कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया।