बाड़मेर नगर परिषद में पहले चरण के मतदान से पहले मंगलवार देर रात कई वार्डों में आदर्श आचार संहिता की खुलेआम धज्जियां उड़ाने के आरोप लगे। वोटरों को शराब, साड़ियां समेत अन्य गिफ्ट घर-घर पहुंचाने की बात सामने आई। दैनिक भास्कर टीम का कैमरा देखकर स्कूटी सवार और गिफ्ट बांट रहे समर्थक मौके से भाग गए। एक जगह स्कूटी सवार शराब से भरा कट्टा बीच सड़क पर फेंककर भाग गया। दरअसल, बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों में बुधवार को पहले चरण का मतदान है। इससे पहले भाजपा, कांग्रेस, आरएलपी समेत निर्दलीय प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरा दमखम लगाया और डोर-टू-डोर जाकर लोगों से संपर्क किया। रात 11 बजे इन इलाकों में बांटे जा रहे थे गिफ्ट मंगलवार रात करीब 11 बजे कल्याणपुर, गैस एजेंसी, प्रतापजी की पोल और चौहटन रोड के आसपास के इलाकों में स्कूटी पर सवार प्रत्याशियों के समर्थकों द्वारा वोटरों को लालच देने के लिए गिफ्ट बांटे जाने की बात सामने आई। भास्कर टीम ने जैसे ही कैमरा शुरू किया, स्कूटी सवार और साड़ियां बांट रहे समर्थक वहां से भाग गए। जटियों के वास में भी एक स्कूटी सवार कैमरा देखकर शराब से भरा कट्टा सड़क पर फेंककर मौके से भाग गया। देर रात तक बाड़मेर शहर के अलग-अलग वार्डों में शराब, साड़ियां और अन्य गिफ्ट बांटे जाने की बात सामने आती रही। मुख्य चौराहों पर पुलिस की नाकाबंदी, वाहनों की चेकिंग इधर, पुलिस ने रात में अहिंसा सर्किल समेत शहर के मुख्य चौराहों पर नाकाबंदी कर एक-एक वाहन की चेकिंग की। रात में बेवजह घूम रहे लोगों को रोका गया। कई बाइक सवारों के चालान भी काटे गए। डीएसपी बुद्धाराम विश्नोई समेत पुलिस जाब्ता नाकाबंदी में तैनात रहा। इससे पहले रात करीब 8 बजे शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें एसपी चूनाराम जाट, एएसपी समेत पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।