बाड़मेर जिले में 16 साल की मूक-बधिर नाबालिग के साथ रेप का मामला सामने आया है। पीड़िता को उल्टियां होने और तबीयत बिगड़ने पर परिजन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि नाबालिग 5 महीने की गर्भवती है। परिजनों ने पीड़िता से इस बारे में पूछा तो उसने इशारों में बताया कि करीब 5 महीने पहले जब घर पर कोई नहीं था, तब गांव के ही एक युवक ने उसके साथ गलत काम किया था। इसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर पॉक्सो एक्ट में नामजद मामला दर्ज कराया। ASP बोले- मेडिकल करवाया है, आरोपी की तलाश कर रहे हैं बाड़मेर ASP नितेश आर्य ने बताया- पीड़िता का मेडिकल करवा लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर गर्भावस्था की सही समयावधि स्पष्ट होगी। चूंकि पीड़िता बोलने और सुनने में असमर्थ है, इसलिए CWC के सामने मूक-बधिर विशेषज्ञों की मदद से उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस की टीमें गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही है। 5 महीने पहले आरोपी ने की दरिंदगी पीड़िता के पिता ने बताया- वे और मेरा बेटा मजदूरी के सिलसिले में जैसलमेर गए हुए थे। 2-3 दिन पहले अचानक बेटी को उल्टियां होने लगी और उसकी तबीयत खराब हो गई। उसकी हालत ज्यादा खराब होने लगी तो उसे तुरंत पास के सरकारी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने नाबालिग की जांच की तो पता चला कि वह 5 महीने की गर्भवती है। हॉस्पिटल से इलाज करवाने के बाद घर लौटकर बेटी से बात की। पूछताछ के दौरान उसने इशारों में बताया कि करीब 5 महीने पहले गांव के ही एक युवक ने उसके साथ गलत काम किया था।