बाड़मेर में ट्रैक्टर ने कार को टक्कर मारी दी। हादसे में पति-पत्नी और उनके दो दिन के बेटे की मौत हो गई। ड्राइवर सहित 3 लोग गंभीर घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। शवों को गेट तोड़कर बाहर निकाला गया। राहगीरों ने घायलों को जिला हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। दो दिन पहले पत्नी की जिला हॉस्पिटल में डिलीवरी हुई थी। परिवार खुशी-खुशी हॉस्पिटल से घर जा रहा था। घटना बाड़मेर जिले के रामसर थाना इलाके हाथमा गांव के पास मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। रामसर थानाधिकारी विक्रमदान चारण ने बताया कि हादसे में हिंगलाजराम पुत्र लीलाराम निवासी बालेवा और उसकी पत्नी तुलसी और उनके 2 दिन के बेटे की मौत हो गई। पहले देखें हादसे की तस्वीरें… 2 दिन पहले हुई थी डिलीवरी थानाधिकारी के अनुसार, 2 दिन पहले तुलसी की बाड़मेर जिला अस्पताल में डिलीवरी हुई थी। आज हॉस्पिटल से छुट्टी मिलने के बाद तुलसी को हिंगलाजराम अपने घर (बालेवा) ले जा रहे थे। इस दौरान गाड़ी को ड्राइवर महावीरदान पुत्र सुमेरदान चला रहे थे। जबकि हिंगलाजराम की दो बहनें गुड्डी पत्नि पूराराम निवासी तुड़बी और शायरी पत्नी देवाराम निवासी मोडा भी साथ मौजूद थीं। दोपहर करीब साढ़े 3 बजे हाथमा गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी स्विफ्ट कार की भिड़ंत हो गई। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और आगे का हिस्सा पिचक गया, जिससे कार सवार लोग अंदर ही फंस गए। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार का गेट तोड़कर बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घायलों को प्राइवेट गाड़ियों और 108 एंबुलेंस से जिला हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर है। खुशियां मातम में बदली थानाधिकारी ने बताया कि 2 दिन पहले ही बालेवा निवासी तुलसी की डिलीवरी हुई थी और परिवार में खुशी का माहौल था। मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद स्विफ्ट कार से अपने गांव जा रहे थे। परिजनों ने बताया कि घर में खुशी का माहौल था, लेकिन हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गई।