बाड़मेर की शिव थाना पुलिस ने सोलर और विंड प्लांट से केबल सहित अन्य सामान चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पिछले सात-आठ महीनों में शिव और आसपास के क्षेत्रों में सोलर-विंड प्लांटों में कई चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस चोरी का सामान बरामद करने और वारदातों में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। लाइफस्टाइल बदली तो पुलिस को हुआ शक एसपी चूनाराम जाट ने बताया- चोरी की वारदातों का खुलासा करने के लिए शिव थानाधिकारी डॉ. मनोहर विश्नोई के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गोपनीय सूचनाओं और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भाडखा गांव के कुछ युवकों की लाइफस्टाइल पिछले कुछ समय में बदल गई है। वे स्कॉर्पियो और कैंपर जैसी गाड़ियों में घूमते नजर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध युवकों पर निगरानी रखी और जानकारी जुटाई। इसके बाद तीन युवकों को भाडखा से डिटेन कर पूछताछ की गई। 23 जून को सोलर प्लांट से हुई थी चोरी पुलिस के अनुसार, शिव क्षेत्र के विरधसिंह की ढाणी निवासी वैणसिंह पुत्र हड़वंतसिंह ने थाने में रिपोर्ट दी थी। उन्होंने बताया कि वे भवानी सिक्योरिटी एजेंसी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। 23 जून 2026 को रिन्यू प्राइवेट लिमिटेड के जीयूवीएनएल 400 मेगावाट सोलर प्लांट से केबल और अन्य सामान चोरी हो गया था। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने मौका मुआयना किया और जांच शुरू की। आरोपियों ने कई वारदातें कबूली पुलिस ने भाडखा निवासी रेखनाथ (23) पुत्र ठाकर नाथ, प्रेमनाथ (30) पुत्र स्व. खेतनाथ और दिनेशनाथ (20) पुत्र जोसनाथ को डिटेन कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तीनों ने पिछले सात-आठ महीनों के दौरान शिव से कोटड़ा रोड स्थित रिन्यू सोलर प्लांट में कई बार चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने शिव और आसपास के क्षेत्रों में सोलर व विंड प्लांटों से रात के समय चोरी करना भी कबूला। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी का सामान भाडखा निवासी जगजीवन पुत्र केशराराम को बेचने की बात भी स्वीकार की। इसके बाद जगजीवन को डिटेन किया गया। पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। चोरी के माल की बरामदगी के प्रयास जारी पुलिस अब आरोपियों से चोरी की वारदातों में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही चोरी किए गए केबल और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।