बाड़मेर शहर में प्लॉट विवाद को लेकर और पुलिस कार्रवाई नहीं होने से परेशान एक महिला गुरुवार शाम 4 बजे पानी की टंकी पर चढ़ गई। सूचना मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कोतवाली पुलिस के जवान और स्थानीय युवक टंकी पर चढ़े और महिला से समझाइश की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद महिला नीचे उतरी। पुलिस ने उसका अस्पताल में मेडिकल करवाया और कार्रवाई के लिए रीको थाने भेज दिया। रिपोर्ट दर्ज नहीं होने से परेशान थी महिला पुलिस के अनुसार, रामनगर निवासी मीरा गुरुवार शाम करीब 4 बजे विधायक प्रियंका चौधरी के घर के पास हनुमान मंदिर रेलवे क्षेत्र में बनी जलदाय विभाग की पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला का रामनगर स्थित अपने प्लॉट को लेकर विवाद चसल रहा है। उसने इस संबंध में रीको थाने में रिपोर्ट दी थी, लेकिन उसका आरोप है कि अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इसी से परेशान होकर महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई और मामले में कार्रवाई की मांग करने लगी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने समझाइश कर नीचे उतारा स्थानीय युवक कल्याणसिंह और पुलिसकर्मी टंकी पर चढ़कर महिला से बातचीत करने लगे। बाद में कोतवाल मनोज कुमार और महिला पुलिसकर्मियों ने भी महिला से समझाइश की और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद महिला नीचे उतरने के लिए राजी हो गई। कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि महिला को समझा-बुझाकर नीचे उतारा गया। उसका अस्पताल में मेडिकल करवाने के बाद रीको थाने भेजा गया है। संबंधित थानाधिकारी को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।