‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ के तहत ब्यावर और जैतारण में लगाए गए रक्तदान शिविरों में अभियान के पहले दिन करीब 80 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। राजस्थान सरकार के निर्देश पर जनसेवा और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इन शिविरों में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में चलेगा। इसके तहत राजकीय अमृत कौर अस्पताल ब्यावर के ब्लड सेंटर को 300 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य दिया गया है। ब्यावर में महर्षि दाधीच समाज ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा जिला कलेक्टर कमल राम मीना के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के निर्देश में राजकीय अमृत कौर अस्पताल ब्यावर के ब्लड सेंटर की ओर से शिविर आयोजित किए गए। राजकीय अमृत कौर अस्पताल के एमसीएच विंग स्थित एमटीसी वार्ड में आयोजित शिविर में महर्षि दाधीच समाज सेवा समिति, ब्यावर सहित अन्य रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। जैतारण में भी रक्तदान, मंत्री अविनाश गहलोत ने बढ़ाया हौसला इसी कड़ी में उप जिला अस्पताल जैतारण में भी स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। यहां राजकीय अमृत कौर अस्पताल ब्यावर के ब्लड सेंटर की टीम ने रक्त संग्रह की सेवाएं दीं। शिविर में मंत्री अविनाश गहलोत भी मौजूद रहे और रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। ई-रक्त कोष पर रजिस्ट्रेशन, ऑनलाइन प्रमाण पत्र से सम्मान शिविरों में रक्तदान करने वाले लोगों का ई-रक्त कोष पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया। रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से और नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लिया। रक्तदान करने वाले लोगों को ऑनलाइन सर्टिफिकेट देकर सम्मानित भी किया गया। 300 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. मुकेश भागवत ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन ब्यावर एवं जैतारण में आयोजित दोनों रक्तदान शिविरों में मिलाकर करीब 80 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। अभियान के दौरान जिले में अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे और लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। महर्षि दधीचि के आदर्शों से प्रेरणा लेकर रक्तदान की अपील मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत ने महर्षि दाधीच समाज सेवा समिति, ब्यावर सहित सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महर्षि दधीचि ने मानव कल्याण के लिए अपने शरीर तक का दान कर दिया था। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाजबंधुओं द्वारा रक्तदान करना मानव सेवा की उत्कृष्ट मिसाल है। कलेक्टर ने स्वस्थ नागरिकों से की रक्तदान की अपील जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने आमजन से ‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वस्थ एवं पात्र नागरिक स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आएं और जनसेवा के इस अभियान को सफल बनाने में सहभागी बनें।