ब्यावर में पोस्टेड एएसआई की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वे नाइट ड्यूटी खत्म कर अपने कमरे में सोए थे। बुधवार सुबह बाहर नहीं आए तो साथी पुलिसकर्मी ने जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्हें तुरंत अमृतकौर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक बताया। एएसआई डगराराम (56) ब्यावर के साकेत नगर थाने में पिछले एक साल से पोस्टेड थे और सरकारी क्वाटर में अकेले रहते थे। वे सोजत के मुसालिया (बगड़ी) गांव के रहने वाले थे। उनका परिवार गांव में ही रहता था। साकेत नगर थानाधिकारी सुरजीत ने बताया- साकेत नगर थाने में तैनात एएसआई डगराराम मंगलवार रात ड्यूटी खत्म कर अपने कमरे में सोए थे। बुधवार सुबह वे कमरे से बाहर नहीं आए तो एक पुलिसकर्मी ने जगाने की कोशिश की, पर कोई जवाब नहीं मिला। स्टाफ ने इसकी सूचना मुझे दी तो तुरंत डगराराम को अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित किया। शव मॉर्च्युरी में रखा गया। सूचना पर डगराराम का बेटा मोहन परिवार समेत ब्यावर पहुंचा। अमृतकौर अस्पताल के डॉ. श्यामसुंदर सोनी ने पोस्टमॉर्टम कर शव परिवार को सौंपा। परिवार ने किसी शक से इनकार किया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दी श्रद्धांजलि साकेत नगर थाने में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दिवंगत एएसआई डगराराम को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर एसपी रतन सिंह, एएसपी डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, डीएसपी नरेंद्र पारीक, थानाधिकारी सुरजीत सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद थे। घटना के बाद साकेत नगर थाने का माहौल गमगीन रहा।