वीर तेजाजी मेले की तैयारियां धार्मिक परंपराओं के साथ शुरू हो गई हैं। जिला कलेक्टर कमल राम मीणा और एसपी रतन सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने गणपति जी को मेले का पहला निमंत्रण दिया। इस दौरान प्रसन्न गणपति मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर मेले का पहला कार्ड चढ़ाया गया। तीन दिवसीय मेला 19 सितंबर से शुरू होगा। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी ढोल के साथ वीर तेजाजी के थान पर पहुंचे। वहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। अधिकारियों ने वीर तेजाजी महाराज से ब्यावर की खुशहाली, सुख-समृद्धि और आने वाले तेजा मेले के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन की प्रार्थना की। इस मौके पर प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। प्रशासन तेजा मेले के लिए सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पीने के पानी और बिजली जैसी कई व्यवस्थाएं कर रहा है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।