हनुमानगढ़ के भादरा थाना क्षेत्र के एक गांव से 22 साल की एक युवती लापता हो गई है। युवती रात को परिवार के साथ खाना खाकर सोई थी, लेकिन सुबह वह घर पर नहीं मिली। परिवार ने आसपास, गांव और रिश्तेदारों में उसकी खोजबीन की, पर कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पिता ने भादरा पुलिस थाने में जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी 22 साल की अविवाहित बेटी पढ़ी-लिखी है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। वह गांव में अपने परिवार के साथ रहती है। रिपोर्ट के अनुसार, 7 सितंबर की रात युवती परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ खाना खाकर सोई थी। 8 सितंबर की सुबह जब परिवार जागा, तो वह घर पर नहीं मिली। पिता ने बताया कि 7 और 8 सितंबर की रात उनकी बेटी बिना परिवार को बताए घर से चली गई। उसका मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच सहायक उप निरीक्षक जगदीश को सौंपी गई है। पुलिस लापता युवती की तलाश कर रही है।