भरतपुर के सेवर थाना इलाके में पीछे से आ रहे केंट्रा ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसके नीचे दबने से किसान की मौत हो गई। किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली से चारा लेकर जयपुर से भरतपुर की तरफ जा रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने केंट्रा को जब्त कर लिया। घटना लुधावई टोल से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। पीछे से केंट्रा ने मारी टक्कर, ट्रॉली पलट गई सत्यभान सिंह ने बताया कि उनका भाई राजवीर, निवासी रुदावल (भरतपुर) ट्रैक्टर से चारा लेकर आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आए केंट्रा ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और राजवीर उसके नीचे दब गया। हादसा होते ही स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया। राजवीर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा सेवर थाने के ASI राधा किशन ने बताया कि राजवीर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जयपुर से आगरा की तरफ आ रहा था। इसी दौरान केंट्रा ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और राजवीर उसके नीचे दब गया। राजवीर को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे में शामिल केंट्रा को पुलिस ने जब्त कर लिया है।