भरतपुर के गढ़ी बाजना थाना इलाके में 6 लोगों ने एक युवक को घेर कर उसके पैरों में गोली मार दी। युवक घर के पास ही दुकान पर सामान लेने के लिए गया था। उस समय गांव के ही लोगों ने उसके पैरों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फिलहाल पुलिस इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। घर का सामान लेने दुकान पर गया था युवक तरसूमा गांव निवासी अनिल ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि वो घर से बाहर दुकान पर कुछ सामान लेने गया था। इसी दौरान गांव के रहने वाले चंद्रभान गुर्जर, दीपक, रंजीत सहित 3 अन्य लोगों ने उसको घेर लिया। सबसे पहले हवाई फायर किया गया। जिसके बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। तभी चंद्रभान, दीपक और रंजीत ने कट्टे से अनिल के पैरों पर फायर कर दिए। घटना की सूचना पर अनिल के परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। जिसके बाद अनिल को बयाना के अस्पताल लेकर जाया गया। जहां उसका इलाज जारी है। आरोपी फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दे रही दबिश घटना को लेकर एडिशनल एसपी रामगोपाल बसवाल ने बताया - अनिल की दी हुई शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया गया है। जो जगह जगह दबिश देकर आरोपियों की तलाश कर रहीं हैं।