भरतपुर नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक में बुधवार को सफाई, टूटी सड़कों, लाइट और कचरा उठाने जैसे मुद्दों पर पार्षदों ने सवाल उठाए। बैठक में कुर्सियों को लेकर दो पार्षदों के बीच झड़प हो गई। नगर निगम आयुक्त और कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया। बैठक के दौरान कई बार बिजली भी चली गई, जिससे सभागार में अंधेरा छा गया। इसके अलावा सभागार में महापुरुषों की तस्वीरें लगाने, मेयर के पास डिप्टी मेयर और आयुक्त की कुर्सी लगाने तथा सफाई कर्मचारियों की हाजिरी को लेकर भी बहस हुई। बैठक में कुल 6 एजेंडों पर चर्चा की गई। सभागार से बाबा साहब की तस्वीर हटाने पर हंगामा बैठक की शुरुआत में वार्ड नंबर 16 के पार्षद मोती सिंह ने सभागार से डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर हटाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने आयुक्त से कहा कि पढ़े-लिखे होने के बावजूद सभागार में लगी बाबा साहब की तस्वीर हटा दी गई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को इस पर शर्म आनी चाहिए। इसके बाद अन्य पार्षदों ने भी सभागार में सभी महापुरुषों की तस्वीरें लगाने की मांग उठाई। मेयर के पास डिप्टी मेयर और आयुक्त की कुर्सी लगाने की मांग एजेंडों पर चर्चा से पहले सभी पार्षदों ने अपना परिचय दिया। इसकी शुरुआत डिप्टी मेयर अंबिका सैनी से हुई। परिचय के बाद वार्ड नंबर 31 के पार्षद भास्कर शर्मा ने मेयर के बगल में डिप्टी मेयर अंबिका सैनी और आयुक्त श्रवण विश्नोई की कुर्सी लगाने का मुद्दा उठाया। पार्षदों के परिजनों को बैठक से बाहर निकाला बैठक में मौजूद पार्षदों के परिजनों को नगर निगम आयुक्त ने बाहर जाने के लिए कहा। इस पर वार्ड नंबर 16 के पार्षद मोती सिंह ने कहा कि पहले की बैठकों में दबंग पार्षदों और उनके परिजनों को बैठने दिया जाता था। इस मुद्दे पर बहस होने लगी तो वार्ड नंबर 27 के पार्षद लोकेश सिंह ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया। कुर्सी को लेकर दो महिला पार्षदों में झड़प बैठक के दौरान वार्ड नंबर 41 की पार्षद गोपाल कश्यप और वार्ड नंबर 26 की पार्षद वीरमति के बीच कुर्सी को लेकर विवाद हो गया। सभागार में कुर्सियां कम होने की बात को लेकर बहस हुई। इसके बाद नगर निगम आयुक्त, कर्मचारियों और अन्य पार्षदों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत करवाया। बंदरों, सांड और गायों को पकड़ने की मांग उठाई वार्ड नंबर 26 की पार्षद नीलम जाटव ने बेसहारा बंदरों, सांड और गायों को पकड़ने की मांग उठाई। वहीं, वार्ड नंबर 22 की पार्षद नीतू पंडा ने ऑटो टिपर से नियमित कचरा नहीं उठने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ऑटो टिपर नहीं आने से लोग सड़कों पर कचरा फेंक रहे हैं। सफाई कंपनी के काम और कर्मचारियों की हाजिरी पर सवाल वार्ड नंबर 27 के पार्षद लोकेश सिंह ने सफाई कर्मचारियों के ड्यूटी पर नहीं आने के बावजूद उनकी हाजिरी लगाए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने सफाई का काम करने वाली वी-वॉइस कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। साथ ही ऑटो टिपर खराब होने की समस्या भी बताई। पार्षदों के सत्यापन के बाद ही मान्य होगी सफाई कर्मचारियों की हाजिरी आयुक्त श्रवण विश्नोई ने कहा कि पार्षदों के सत्यापन के बिना सफाई कर्मचारियों की हाजिरी मान्य नहीं होगी। बैठक में सफाई का काम करने वाली वी-वॉइस कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर को भी बुलाया गया। पार्षदों ने उनसे सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उठाईं। इस पर प्रोजेक्ट मैनेजर ने जल्द से जल्द व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। 30 से 100 दिन की कार्ययोजना समेत 6 एजेंडों पर चर्चा बैठक के बाद मेयर अनुराधा सिंह ने बताया कि पहली बैठक में 30 दिवसीय और 100 दिवसीय कार्ययोजना पर विचार किया गया। इसमें सफाई और लाइट व्यवस्था सुधारने, सड़कों के चौड़ीकरण तथा अतिक्रमण के कारण मकान या दुकान प्रभावित होने वाले लोगों को जमीन या मुआवजा देने जैसे मुद्दे शामिल रहे।