भरतपुर के कोतवाली थाना इलाके में चोर शोरूम से लाखों रुपए के कपड़े चोरी कर ले गए। शोरूम के ऊपर का गेट तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए। इसके पहले शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद कर दिए गए। शोरूम मालिक धीरेंद्र शर्मा ने बताया कि रविवार की रात में हम शोरूम को बंद करके घर गए थे। आज सुबह मेरे पास मैनेजर का फोन आया। उसने बताया कि शोरूम के अंदर का सामान बिखरा हुआ है। मैं शोरूम पर पहुंचा। यहां पर आकर चेक किया तो, शोरूम से काफी कपड़े गायब थे। दुकान में कपड़े बिखरे हुए थे। 3 लाख से ज्यादा कपड़े हुए चोरी शोरूम में ऊपर का गेट टूटा हुआ था। करीब 3 लाख रुपए से ज्यादा के कपड़े चोरी हुए हैं। फिक्स अनुमान नहीं लगाया गया है। साथ ही गल्ले से करीब 25 हजार रुपए कैश भी गायब है। चोरों ने शोरूम के ऊपर रखे इन्वर्टर को भी बंद कर दिया। इसके कारण सीसीटीवी कैमरे बंद हो गए। चोर दुकान में आगामी सीजन के कपड़े लेकर गए हैं। सभी कपड़े ड्यूक ब्रांड के थे। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस आरोपियों का पता लगा रही है। साथ ही बगल वाले शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है।