भरतपुर में गंदे पानी की समस्या से आमजन आए दिन लोग जूझते रहते हैं लेकिन, अब गंदे पानी के साथ पानी में मछलियां आने लगी हैं। जिससे लोग काफी परेशान हैं। ऐसे में ग्रामीणों को पेयजल नहीं मिल पा रहा है। कई बार ग्रामीण इसकी शिकायत प्रशासन के अधिकारियों से कर चुके हैं। उसके बाद भी इस समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। पीने के पानी में आ रही मछलियां नगला टिकैता गांव के रहने वाले सुरेश ने बताया कि गांव में चंबल परियोजना के जरिए चंबल के पानी की सप्लाई की जा रही है। पानी में जिंदा और मरी हुईं छोटी-छोटी मछलियां आ रहीं हैं। ऐसे में ग्रामीणों को साफ पानी नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण ग्रामीणों को बीमारियां फैलने की भी चिंता सता रही है। टंकी को ढका नहीं गया ग्रामीणों का कहना है कि चंबल के पानी की टंकी की साफ-सफाई हुए कई साल बीत चुके हैं। इसके साथ ही पानी की टंकी ढकी हुई भी नहीं है। जिसके कारण टंकी में गंदगी जमा हो गई है। इसलिए पानी के साथ गंदगी और मछलियां आ रहीं हैं। पैसों से पानी खरीद रहे ग्रामीण ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों से इसकी शिकायत भी की है। उसके बाद भी न तो, टंकी को ढका गया और न ही टंकी की साफ सफाई की गई। इसलिए ग्रामीणों को पैसे खर्च कर टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। अब ग्रामीणों की मांग है कि अधिकारी जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान करें।