भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र के बजरंगपुरा में गुरुवार सुबह शौच करने गई बुजुर्ग महिला से बदमाशों ने चाकू दिखाकर गहने लूट लिए। छीनाझपटी के दौरान महिला के होंठ पर चाकू लग गया, जिससे वह घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। शौच करने गई थी महिला, चाकू से हमला कर मांदलिया लूटा महिला के बेटे छोटू लाल रेगर ने बताया- मंडी के बालाजी के पास रहने वाली बापू बाई (72) गुरुवार सुबह करीब 5 बजे के बाद शौच करने के लिए गई थीं। इसी दौरान एक युवक ने उन पर चाकू से हमला कर दिया और गले में पहना करीब डेढ़ तोला सोने का मांदलिया छीन लिया। छीनाझपटी में चाकू महिला के होंठ पर लग गया, जिससे वह घायल हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की तलाश शुरू की थाना प्रभारी कन्हैयालाल ने बताया - वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला और उसके बेटे से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी गई है। 10 दिन पहले भी महिला से हुई थी लूट पुर क्षेत्र में करीब 10 दिन पहले भी इसी तरह की वारदात हुई थी। उस दौरान भी एक महिला पर चाकू से हमला कर उसके ज्वेलर लूट लिए गए थे। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दो दिन पहले थाने पर प्रदर्शन भी किया था। लगातार दूसरी ऐसी वारदात होने से ग्रामीणों में गुस्सा है।