भीलवाड़ा के मांडल में पुरानी रंजिश और युवती को भगाने के शक में एक परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट, प्रताड़ित करने और सामजिक बहिष्कार का मामला सामने आया है। घटना 18 सितंबर, दोपहर करीब 1 बजे मांडल थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार 10-12 लोग लाठी, सरिए और लकड़ियां लेकर परिवार के घर में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने परिवार के सदस्यों से मारपीट की, बहू को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया और महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया। इसके बाद परिवार के सदस्यों को मंदिर ले जाकर बांधने और मकान-जमीन के कागजात अपने नाम करने या 9 लाख रुपए देने का दबाव बनाया गया। युवती भगाने के आरोपी की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने 10-12 नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हथियार लेकर घर में घुसने का आरोप रिपोर्ट के अनुसार 18 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे 10-12 लोग कथित रूप से लाठी, सरिए और लकड़ियां लेकर घर में घुस आए। उन्होंने युवक को जमीन पर पटककर लाठी और सरियों से पीटा। इससे उसके कमर और पैरों में चोटें आईं और मुंह से खून निकलने लगा। बीच-बचाव करने आए उसके माता-पिता से भी मारपीट करने का आरोप है। सामाजिक बहिष्कार का आरोप विवाद पुरानी रंजिश और युवती को भगाने के शक को लेकर बताया गया है। रिपोर्ट में घटना से दो-तीन दिन पहले परिवार का सामाजिक बहिष्कार कराने का आरोप है। बताया गया है कि दुकानदारों से परिवार को सामान नहीं देने के लिए भी कहा गया। बहू को गाड़ी में ले जाने और मंगलसूत्र छीनने का आरोप आरोप है कि परिवार की बहू को हाथ पकड़कर घसीटा और जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया गया। वहीं आरोपियों ने परिवार की महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी परिवार के सदस्यों को कथित रूप से घसीटकर चारभुजा नाथ मंदिर ले गए। मंदिर में बांधकर धमकी दी पीड़िता के अनुसार परिवार के सदस्यों को चारभुजा नाथ मंदिर में बांधकर रखा गया। घटना का फोटो-वीडियो बनाने या पुलिस में गवाही देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गयी। रिपोर्ट में परिवार के एक सदस्य को एकांत स्थान पर ले जाकर अमानवीय व्यवहार करने और पेशाब पिलाने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। साथ ही मकान-जमीन के कागजात अपने नाम करने या 9 लाख रुपए देने का दबाव बनाने की बात कही गई है। पीड़ितों को दोपहर करीब 1 से शाम 5 बजे तक धूप में बांधकर रखने और पानी नहीं देने का भी आरोप है। 10-12 नामजद के खिलाफ केस, जांच शुरू पीड़ित महिला की रिपोर्ट पर मांडल थाना पुलिस ने 10-12 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मांडल थाना प्रभारी गजेन्द्र सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। जांच हेड कॉन्स्टेबल श्यामसुंदर को सौंपी गई है। रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। --- संबंधित ये खबर भी पढ़ें … 1. लिव-इन में रहने पर पंचों ने 21 लाख जुर्माना लगाया:दो परिवारों का हुक्का-पानी बंद किया, सामाजिक कार्यक्रम से निकाला; धार्मिक स्थल पर एंट्री बैन की जालोर में पंचायत का तुगलकी फरमान सामने आया है। पंचों ने लिव इन में रह रहे युवक (22) और युवती (21) पर 21 लाख का जुर्माना लगाया है। पूरी खबर पढ़िए 2. मृत्युभोज में घी के मालपुए नहीं बनवाने पर हुक्का-पानी बंद:43 परिवारों को दुकानों से राशन नहीं मिल रहा, कुएं से पानी नहीं दे रहे आर्थिक तंगी की मार झेल रहे परिवार ने मृत्युभोज में 'घी के मालपुए' नहीं बनवाए। इससे समाज ने उनका इनका हुक्का-पानी बंद करने का फरमान सुना दिया। पूरी खबर पढ़िए